मई में फिर से शुरू हो सकता है IPL: जानिए BCCI ने क्या कहा?

भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है, यह एक जुनून है। हर साल होने वाला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) लोगों के लिए एक मनोरंजन का श्रोत है। लेकिन IPL 2025 के सीज़न 18 को अचानक रोक दिया गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसे एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था। इसका कारण सीमा पर बढ़ता तनाव बताया गया था। BCCI ने साफ कहा था कि देश की सुरक्षा सबसे पहले है, क्रिकेट उसके बाद।
IPL 2025 क्यों रोका गया?
8 मई 2025 को पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच धर्मशाला में चल रहे मैच के दौरान सीमा पर बढ़ते तनाव के कारण खेल को रोक दिया गया। BCCI ने 9 मई को ऐलान किया कि IPL 2025 को एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया गया है। BCCI के एक अधिकारी ने बताया :-
हमने लीग को एक हफ्ते के लिए रोका है। हम अभी इससे आगे की कोई योजना नहीं बना रहे हैं। अगले तीन दिनों में आपको और जानकारी मिलेगी।
इससे साफ पता चला कि BCCI को उम्मीद है कि स्थिति जल्दी ही सामान्य हो जाएगी।
अब IPL 2025 की संभावित वापसी
भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को सीजफायर की घोषणा की गई। इसके बाद BCCI ने IPL 2025 को फिर से शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि 15 मई के आसपास टूर्नामेंट को फिर से शुरू किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए भारत सरकार की अनुमति ज़रूरी होगी।
लॉजिकल फैंटेसी ट्रिक आपको नवीनतम समाचार दिखाएगी, इसलिए हाँ पर क्लिक करके अभी फॉलो करें।
विदेशी खिलाड़ियों की वापसी की कोशिशें
IPL की सभी 10 फ्रेंचाइज़ी अब अपने विदेशी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को वापस बुलाने की कोशिश कर रही हैं। कई विदेशी खिलाड़ी भारत छोड़कर जा चुके थे, लेकिन अब उन्हें वापस बुलाया जा रहा है। कुछ टीमों ने अपने कोचिंग स्टाफ को देश छोड़ने से भी रोक दिया है। गुजरात टाइटंस (GT) की बात करें, तो सिर्फ उनके दो विदेशी खिलाड़ी Jos Buttler और Gerald Coetzee ही देश से बाहर गए हैं। टीम उन्हें जल्द वापस बुलाने का प्रयास कर रही है।
आगे का शेड्यूल क्या होगा?
BCCI की योजना है कि अगर सबकुछ सही रहा तो बचे हुए 12 लीग मैच और 4 प्लेऑफ मुकाबले पूरे कराए जाएंगे। इसके लिए बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद को संभावित वेन्यू के रूप में चुना गया है। 25 मई तक फाइनल मुकाबला कोलकाता में कराने की योजना है। हालांकि, अगर टूर्नामेंट मई से आगे बढ़ता है, तो कई विदेशी खिलाड़ी अपने देश की सीरीज और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के कारण उपलब्ध नहीं रहेंगे।
IPL टीमों की सुरक्षित वापसी
धर्मशाला में मौजूद पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमों को सुरक्षित तरीके से दिल्ली पहुंचाया गया था। BCCI ने इस पूरे ऑपरेशन को गुप्त रखा। सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों को बस से जालंधर लाया गया और फिर वंदे भारत ट्रेन द्वारा दिल्ली भेजा गया। इस दौरान किसी को भी यात्रा की जानकारी नहीं दी गई।
BCCI ने अपने बयान में कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा,
क्रिकेट भले ही हमारा जुनून है, लेकिन देश की सुरक्षा सबसे ऊपर है। हम हमेशा देश के हित में फैसले लेंगे।
BCCI के इस कदम से यह साफ होता है कि देश का सम्मान और सुरक्षा उनके लिए सबसे पहले है।
अब सबकी नज़रें BCCI पर टिकी हैं कि क्या IPL 2025 की वापसी 15 मई के आसपास संभव होगी। सभी फ्रेंचाइज़ी अपने खिलाड़ियों को वापस बुलाने में जुटी हैं। दर्शक उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही IPL का जोश वापस लौटेगा और चौके-छक्कों की गूंज फिर से सुनाई देगी। BCCI ने यह साफ कर दिया है कि देश की सुरक्षा सबसे ऊपर है, और अगर हालात सुधरते हैं, तो क्रिकेट का यह मुकाबला फिर से शुरू होगा।
Source: espncricinfo